नयी दिल्ली , अक्टूबर 18 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने संगठित मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले के एक तटीय गांव से 137 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंथेटिक मादक पदार्थ क्रिस्टल मेथामफेटामाइन जब्त किया है। हाल के वर्षों में तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र में मादक पदार्थों की यह सबसे बड़ी जब्तियों में से एक है।

वित्त मंत्रालय ने रविवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि डीआरआई के अधिकारियों ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर 16-17 अक्टूबर के दौरान व्यापक निगरानी और प्रवर्तन अभियान चलाया। इस अभियान में श्रीलंका में मादक पदार्थों की तस्करी करने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध तटीय तस्करी नेटवर्क का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया गया। इसे समुद्र के बीच में हस्तांतरण के माध्यम से श्रीलंका पहुंचाया जाना था। अवैध मादक पदार्थ बाजार में जब्त प्रतिबंधित सामग्री का अनुमानित मूल्य 100 करोड़ रुपये से अधिक है।

यह अभियान विशेष खुफिया जानकारी के बाद चलाया गया। इसमें मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप को नागपट्टिनम जिले के एक तटीय स्थान पर भंडारण और वहां से श्रीलंका में तस्करी के लिए पहुंचाया जाना था। इसके बाद की गई तलाशी में छह डफेल बैग बरामद हुए। इसमें सिल्वर फॉयल 27 पैकेट थे। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग पांच किलो था। इन पैकेटों में सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ था। उसके उच्च शुद्धता वाले मेथामफेटामाइन होने का संदेह है। जब्त प्रतिबंधित सामग्री को स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 के प्रावधानों के अंतर्गत जब्त किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित