नयी दिल्ली , सितंबर 16 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 231.8 किलोग्राम संदिग्ध मेथामफेटामाइन की गोलियां जब्त की हैं।

वित्त मंत्रालय की ओर से बुधवार को बताया गया है कि डीआरआई अधिकारियों ने 15 सितंबर को असम और त्रिपुरा में चार संदिग्ध ट्रकों को रोका। असम के रामनाथपुर में असम राइफल्स की 38वीं बटालियन की सहायता से सिलचर से करीब 100 किलोमीटर दूर एक ट्रक को रोका गया। चालक के केबिन की छत में छिपाए गए 275 पैकेटों से 55 किलो और दूसरे ट्रक से 54.2 किलो संदिग्ध मेथामफेटामाइन की गोलियां बरामद हुईं। दोनों वाहनों से कुल 109.2 किलो पदार्थ जब्त किया गया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

अभियान के तहत त्रिपुरा में खोवई से अगरतला की ओर जा रहे सीमेंट लदे ट्रक को असम राइफल्स की 28वीं बटालियन की सहायता से तेलियामुरा में रोका गया। अगरतला से करीब 45 किलोमीटर दूर हुई जांच में चालक के केबिन की छत में छिपाये गये 295 प्लास्टिक पैकेटों से 72.6 किलो संदिग्ध मेथामफेटामाइन बरामद हुआ। इसके बाद मिली खुफिया जानकारी पर पानीसागर के पास एक अन्य ट्रक को रोककर उसमें छिपायी गयी 50 किलो संदिग्ध मेथामफेटामाइन की गोलियां बरामद की गयी। दोनों ट्रकों और प्रतिबंधित पदार्थ को जब्त कर लिया गया तथा दो चालकों को गिरफ्तार किया गया।

डीआरआई की समन्वित कार्रवाई में कुल 231.8 किलो संदिग्ध मेथामफेटामाइन की गोलियां और तस्करी में इस्तेमाल चारों ट्रक जब्त किये गये हैं। तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। विभाग ने बताया कि इससे पहले अगस्त में सिलचर और मिजोरम के पास दो अभियानों में 76 किलो मेथामफेटामाइन की गोलियां जब्त की गयी थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित