नयी दिल्ली , अगस्त 29 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दो अलग-अलग खुफिया अभियानों में बेंगलुरु और पुणे में 18 किलोग्राम से अधिक नशीली दवाएं जब्त कीं और चार लोगों को गिरफ्तार किया।
दोनों अभियानों को खुफिया जानकारी के आधार पर 25 अगस्त को अंजाम दिया गया था। बेंगलुरु में लगभग 14.9 किलोग्राम एम्फेटामाइन और पुणे में लगभग 2.53 किलोग्राम एम्फेटामाइन के साथ 878 ग्राम एमडीएमए टैबलेट जब्त किये गये, जिनका कुल वजन 18 किलोग्राम से अधिक था। इन दोनों मामलों में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
पहले मामले में डीआरआई के अधिकारियों ने बेंगलुरु रेलवे स्टेशन पर एक भारतीय महिला यात्री को रोका। वह नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से बेंगलुरु पहुंची थी। उस पर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री ले जाने का संदेह था। उसके सामान की विस्तृत जांच में लगभग 14.9 किलोग्राम वजन के क्रिस्टलीय पदार्थ से भरे सात पैकेट बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में, एक फील्ड ड्रग डिटेक्शन किट का उपयोग करने पर एम्फेटामाइन की उपस्थिति का संकेत मिला।
प्राप्त जानकारी के आधार पर, डीआरआई अधिकारियों ने निर्धारित डिलीवरी स्थान पर त्वरित कार्रवाई की। महिला से सामान लेने के लिए मौके पर पहुंचे एक व्यक्ति को रोक लिया गया। आगे की कार्रवाई में पहले प्राप्तकर्ता से प्रतिबंधित सामान लेने आये एक अन्य व्यक्ति को भी रोक लिया गया। प्रतिबंधित सामान के परिवहन और उसे प्राप्त करने के प्रयास में शामिल तीनों व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित