नयी दिल्ली , सितंबर 09 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज करते हुए पिछले पखवाड़े देशभर में आठ बड़े अभियान चलाये , जिसमें करीब 740 किलोग्राम गांजा और चरस जब्त की गयी और कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
वित्त मंत्रालय की ओर से बुधवार को बताया गया कि छत्तीसगढ़ में रायपुर के पास ओल्ड धमतारी रोड पर 8 सितंबर को डीआरआई अधिकारियों ने विशाखापत्तनम से आ रहे दो ट्रकों से 375.95 किलोग्राम गांजा बरामद किया और चार लोगों को गिरफ्तार किया। इससे पहले 26 अगस्त को भी रायपुर के पास एक ट्रक से 124 किलोग्राम गांजा जब्त कर एक व्यक्ति को पकड़ा गया था। वहीं पटना के पास औरंगाबाद-पटना राजमार्ग पर एक ट्रक का पीछा करते समय अधिकारियों पर हमला हुआ, जिसमें एक अधिकारी घायल हो गया, हालांकि ट्रक से 140.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पंजाब के लुधियाना के पास एक वाहन की तलाशी में फर्श में बने गुप्त गड्ढों से 69 किलोग्राम गांजा बरामद करने के साथ ही दो लोग को गिरफ्तार किया गया। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे तीन लोगों से करीब 5 किलोग्राम चरस बरामद हुई, जो नेपाल से तस्करी कर लायी गयी थी और यात्रियों ने इसे जांघों पर लपेटकर साड़ियों में छिपा रखा था। इसके अलावा हैदराबाद और बेंगलुरु हवाई अड्डों पर हनोई और बैंकॉक से आए तीन यात्रियों से भी लगभग 24.6 किलोग्राम उच्च क्षमता का गांजा बरामद हुआ।
डीआरआई का कहना है कि ये अभियान सड़क, रेल और हवाई मार्गों से हो रही तस्करी पर उसकी निरंतर निगरानी को दर्शाते हैं, जिसमें तस्कर वाहनों के गुप्त कक्षों और सामान में खेप छिपाने के नये-नये तरीके अपना रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित