नई दिल्ली , अक्टूबर 21 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सिंथेटिक मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए भोपाल के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से 9.139 किलोग्राम मेथामफेटामाइन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मादक पदार्थ जब्त कर लिया गया है।
वित्त मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि डीआरआई ने यह कार्रवाई 20 अक्टूबर को मिली विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर की। डीआरआई अधिकारियों ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक बस के भोपाल आईएसबीटी पहुंचने पर उसमें यात्रा कर रहे एक पुरुष यात्री को रोका। यात्री के सामान की तलाशी लेने पर दो मध्यम आकार के ट्रॉली बैग में रखे सलवार सूट के पैकेटों के भीतर छिपाकर रखे गए क्रिस्टलीय मेथामफेटामाइन के 11 प्लास्टिक पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 9.139 किलोग्राम पाया गया। मौके पर किए गए परीक्षण में बरामद पदार्थ में मेथामफेटामाइन की पुष्टि हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित