हैदराबाद/अमरावती , मार्च 13 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले के कोंडापल्ली औद्योगिक विकास क्षेत्र में प्रतिबंधित दवा बनाने वाली एक गुप्त इकाई का भंडाफोड़ किया है।
डीआरआई की ओर से शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा गया कि अधिकारियों को एक पूर्ण औद्योगिक सेटअप मिला, जो कथित तौर पर अल्प्राजोलम बनाने के लिए एक रासायनिक विनिर्माण इकाई की आड़ में चल रहा था।अल्प्राजोलम एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत एक प्रतिबंधित मनोप्रभावी पदार्थ है।
बयान के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर 'ऑपरेशन व्हाइट हैमर' को 11 और 12 मार्च को अंजाम दिया गया।
परिसर की तलाशी के दौरान, डीआरआई अधिकारियों ने 237 किलोग्राम अल्प्राजोलम जब्त किया, जिसकी अवैध बाजार में कीमत 47 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। उन्होंने 800 किलोग्राम से अधिक प्रमुख कच्चा माल, 2,860 लीटर विभिन्न रसायनों सहित विभिन्न उपकरण भी बरामद किए।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इसका मास्टरमाइंड रासायनिक और दवा क्षेत्र में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाला एक केमिस्ट था। उसने एक सहयोगी के साथ मिलकर इस काम को अंजाम दिया, जो कच्चे माल की व्यवस्था करता था और हैदराबाद में वितरण का प्रबंधन करता था। आरोपियों ने इस प्रतिबंधित दवा का गुप्त रूप से निर्माण करने के लिए फैक्ट्री परिसर किराए पर लिया था। दोनों आराेपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित