नयी दिल्ली , सितंबर 28 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने देशभर में सक्रिय एक संगठित सोना तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए करीब 10.36 करोड़ रुपये मूल्य का 6.61 किलोग्राम विदेशी तस्करी का सोना जब्त किया है।

वित्त मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि डीआरआई ने यह सिंडिकेट कूरियर नेटवर्क के जरिए तस्करी का सोना देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाता था। इस मामले में नेटवर्क के एक सरगना समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले नौ महीनों में इस नेटवर्क के जरिए करीब 475 करोड़ रुपये मूल्य का 318 किलोग्राम तस्करी का सोना गुवाहाटी और कोलकाता से मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद समेत विभिन्न शहरों तक पहुंचाया गया।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिए विदेशी सोने की तस्करी और उसके बाद कूरियर खेपों के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में आपूर्ति किए जाने की सूचना के आधार पर डीआरआई ने 23 और 24 सितंबर को अभियान चलाया। मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद और गुवाहाटी में एक साथ तलाशी और इंटरसेप्शन की कार्रवाई की गयी। गुवाहाटी और कोलकाता से मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए भेजी जा रही सोने से भरी कूरियर खेपों को पकड़ा गया।

अभियान के दौरान कूरियर खेपों से बार के रूप में कुल 6.61 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 10.36 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसे सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया है। डीआरआई की प्रारंभिक जांच में सामने आए दस्तावेजों से संकेत मिला है कि नेटवर्क का संचालन काफी बड़े स्तर पर किया जा रहा था और केवल इस कैलेंडर वर्ष के पहले नौ महीनों में ही करीब 318 किलोग्राम तस्करी का सोना इस कूरियर आधारित नेटवर्क से परिवहन और वितरित किया जा चुका था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित