सूरजपुर , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में पुलिस लाइन में आयोजित जनरल परेड में डीआईजी प्रशांत कुमार ठाकुर ने शुक्रवार को सलामी लेकर पुलिस बल की अनुशासन, वेशभूषा और कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया।

उन्होंने बेहतर पुलिसिंग, आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण और संवेदनशील व्यवहार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया।

जिला रक्षित केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार आज पुलिस लाइन सूरजपुर में जनरल परेड का आयोजन किया गया, जिसमें डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने परेड की सलामी ली और उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों की वेशभूषा, अनुशासन एवं परेड की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस बल की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि अनुशासन और पेशेवर दक्षता पुलिस की पहचान होती है। उन्होंने उत्कृष्ट वेशभूषा धारण करने वाले जवानों और अधिकारियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया।

परेड के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस के पास फरियाद लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका समयबद्ध एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि त्वरित कार्रवाई और सकारात्मक संवाद से आमजन का पुलिस पर विश्वास मजबूत होता है। साथ ही क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सतत गश्त, निगरानी और आपसी समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने पुलिस बल को शारीरिक रूप से फिट रहने, नियमित परेड और अभ्यास में भाग लेने तथा ड्यूटी के दौरान सतर्कता बनाए रखने की भी हिदायत दी। इस अवसर पर एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, डीएसपी अनूप एक्का, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी सहित थाना-चौकी प्रभारियों एवं पुलिस लाइन के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित