धार , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में पुलिस उप महानिरीक्षक (ग्रामीण) मनोज कुमार सिंह ने गुरुवार को पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सैनिक सम्मेलन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस लाइन पहुंचने पर सलामी गार्ड ने डीआईजी श्री सिंह को विधिवत सलामी दी। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने डीआईजी मनोज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा को "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान की थीम पर आधारित बैज लगाए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डीआईजी का स्वागत किया।
सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए डीआईजी श्री सिंह ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से मुक्त करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन, संवेदनशीलता, जनसेवा और उच्च कार्य संस्कृति के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस और समाज की साझी भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
सम्मेलन के दौरान डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताएं सुनीं तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस अवसर पर 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले उप निरीक्षक लोकेश चौधरी (थाना पीथमपुर) और उप निरीक्षक कमल किशोर चौहान (थाना कानवन) को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। डीआईजी ने दोनों अधिकारियों की दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। वार्षिक निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने पुलिस लाइन परिसर स्थित 'मोतीवन' में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने शस्त्रागार, वाहनों, विभिन्न शाखाओं, कार्यालयों और आवासीय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर, नगर पुलिस अधीक्षक पीथमपुर कमल सिंह चौहान, नगर पुलिस अधीक्षक धार शशांक सिंह गुर्जर, रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई, रक्षित निरीक्षक रोहित निकम सहित पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित