धार , सितंबर 26 -- मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा चलाए जा रहे 'जन विश्वास अभियान' के तहत पुलिस उपमहानिरीक्षक (इंदौर ग्रामीण) मनोज कुमार सिंह ने सागौर थाने का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और पुलिस अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के सख्त निर्देश दिए।
जनसंवाद कार्यक्रम में डीआईजी सिंह ने उपस्थित नागरिकों से सीधा संवाद किया और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए और एक निश्चित समय-सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
थाना निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने लंबित शिकायतों, चालानों और गंभीर अपराधों की अलग-अलग समीक्षा की। उन्होंने थाने के वीसीएनबी रजिस्टर, निगरानी बदमाश और गुंडा रजिस्टर का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी रिकॉर्ड और प्रविष्टियां हमेशा अद्यतन (अपडेट) रखी जाएं। साथ ही, आवश्यक प्रकरणों में पीएफ तैयार कर प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने थाना हवालात की सुरक्षा और व्यवस्था का भी जायजा लिया। ग्राम स्तर पर पुलिस और जनता के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए उन्होंने 'ग्राम रक्षा समिति' की बैठकें आयोजित करने और समिति को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने थाना स्टाफ के साथ भी बैठक की और उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को सुनकर आवश्यकतानुसार निराकरण का भरोसा दिलाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित