मुंबई , जुलाई 26 -- विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना अभिनीत फिल्म डियर कॉमरेड के रिलीज़ के सात वर्ष पूरे हो गए हैं। वर्ष 2019 में प्रदर्शित यह फिल्म आज भी दर्शकों के बीच अपनी भावनात्मक कहानी, दमदार अभिनय और संवेदनशील विषयों की प्रस्तुति के लिए याद की जाती है।
फिल्म केवल एक प्रेम कहानी नहीं थी, बल्कि इसमें सहमति, मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी प्रभावी ढंग से दिखाया गया था। फिल्म में विजय के बॉबी और रश्मिका की लिली के किरदारों के बीच दिखाई गई सहज केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब सराहा।
फिल्म के कई दृश्य आज भी प्रशंसकों के बीच लोकप्रिय हैं। इनमें बॉबी का पहली बार लिली को देखकर आकर्षित होना, बारिश के दौरान दोनों का टी-शर्ट बदलना, साड़ी में लिली को देखकर बॉबी की प्रतिक्रिया और लिली की उपलब्धियों पर उसका गर्व जताना शामिल है। वहीं, लिली के साथ हुए उत्पीड़न की जानकारी मिलने के बाद बॉबी का उसके लिए न्याय की लड़ाई लड़ना और उसके कठिन दौर में उसके साथ मजबूती से खड़ा रहना फिल्म के सबसे प्रभावशाली प्रसंगों में गिना जाता है।
फिल्म के अंत में लिली की आत्मविश्वास से भरी मुस्कान उसके संघर्ष, साहस और नई शुरुआत का प्रतीक बनकर उभरती है। यही वजह है कि सात साल बाद भी डियर कॉमरेड सम्मान, संवेदनशीलता और भावनात्मक मजबूती पर आधारित प्रेम कहानी के रूप में दर्शकों की पसंद बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना आगामी फिल्म राणाबली में एक बार फिर साथ नजर आएंगे। विजय की आगामी फिल्मों में राउडी जनार्दन औरवीडीएक्सशोर्युव शामिल हैं, जबकि रश्मिका मायसा, पुष्पा 3, एनिमल पार्क और राका जैसी फिल्मों में दिखाई देंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित