फ्लोरिडा (अमेरिका) , मार्च 23 -- बेलारूस की टेनिस खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अमेरिका की कैटी मैकनैली को सीधे सेटों में हराकर मियामी ओपन के अंतिम 16 में जगह बना ली हैं। विश्व की नंबर एक खिलाड़ी सबालेंका का लक्ष्य एक ही वर्ष में इंडियन वेल्स और मियामी, दोनों खिताब जीतने वाली केवल पांचवीं महिला खिलाड़ी बनना है।
बेलारूस की सबालेंका ने अमेरिकी खिलाड़ी मैकनैली पर 6-4, 6-2 से जीत दर्ज करते हुए अपनी जीत का सिलसिला लगातार आठ मैचों तक बढ़ा दिया। डिफेंडिंग चैंपियन का मुकाबला चीन की झेंग किनवेन से होगा।
झेंग ने अमेरिकी 15वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी मैडिसन कीज को हराकर जुलाई में कोहनी की सर्जरी के बाद पहली बार किसी शीर्ष-20 खिलाड़ी पर जीत दर्ज की। सबालेंका ने ओलंपिक चैंपियन झेंग के साथ अपने आठ मुकाबलों में से सात में जीत हासिल की है।
तीसरी वरीयता प्राप्त एलेना रायबाकिना ने यूक्रेन की मार्टा कोस्त्युक को 6-3, 6-4 से हराकर आसानी से अंतिम 16 में जगह बनाई। कजाकिस्तान की रायबाकिना का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलियाई क्वालिफायर तालिया गिब्सन से होगा, जिन्होंने 18वीं वरीयता प्राप्त इवा जोविक को 6-2, 6-2 से हराकर एक और वरीयता प्राप्त खिलाड़ी को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
गिब्सन ने मियामी में दूसरे दौर में पूर्व विश्व नंबर एक नाओमी ओसाका को हराया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित