रांची , जुलाई 13 -- झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि 27 चतरा एवं 68 गुमला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में बीएलओ द्वारा 100% मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराए गए।
श्री कुमार ने इस क्षेत्र के सभी बीएलओ, ईआरओ, एईआरओ को इस के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्र में भी गुरुवार तक 100% मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी मतदाताओं से अनुरोध किया है कि इन्यूमरेशन फॉर्म में यथाशीघ्र सही-सही जानकारी भरते हुए एवं हस्ताक्षर करते हुए अपने बीएलओ को उपलब्ध कराएं जिससे इसके डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जा सके। श्री कुमार निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर रहे थे।
श्री कुमार ने ने बैठक में राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की जिलावार समीक्षा करते हुए कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से अनुपालन करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी "एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से न छूटे, और एक भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में न जुड़े" के मूल लक्ष्य के साथ धरातल पर कार्य करें।
श्री कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी विभिन्न शिकायतों और स्टेकहोल्डर्स से मिले फीडबैक पर संज्ञान लेते हुए बीएलओ के कार्यों को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के गाइडलाइंस के अनुसार बीएलओ का यह अनिवार्य कर्तव्य है कि वे अपने मतदान केंद्र क्षेत्र के अंतर्गत घर-घर जाकर मतदाताओं के इन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण एवं संग्रहण करें। बीएलओ को अपने निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के घरों तक पहुंचकर ही एसआईआर संबंधी सेवाएं प्रदान करनी है, उन्हें किसी भी परिस्थिति में कैंप लगाकर या मतदाताओं को एक जगह बुलाकर फॉर्म सत्यापन करने की अनुमति नहीं होगी।
श्री कुमार ने कुछ अनधिकृत संस्थानों, साइबर कैफे और गैर-सरकारी संगठनों द्वारा एसआईआर संबंधी कैंप लगाए जाने के मामलों पर गंभीर रुख अपनाते हुए कहा की मुख्यालय द्वारा इस तरह के किसी भी कैंप हेतु अनुमति नहीं प्रदान की गई है, ऐसा कोई भी कैंप पूरी तरह अवैध माना जाएगा।
बैठक में निर्वाचन सदन से अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर एवं अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार एवं ऑनलाइन माध्यम से सभी जिलों से जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित