रायपुर , सितंबर 12 -- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने डिजिटल लत को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा है कि आज यह किसी भी अन्य लत से अधिक खतरनाक हो गयी है और विद्यार्थियों को तकनीक का सदुपयोग करते हुए इसके दुष्प्रभावों से बचना चाहिए।
श्री डेका शनिवार को आईसीएफएआई विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। समारोह में वर्ष 2025 और 2026 के शैक्षणिक सत्र के विद्यार्थियों को विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पदक प्रदान किए गए। इनमें 19 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और 16 को रजत पदक प्रदान किया गया। स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के कुल 504 विद्यार्थियों को उपाधियां दी गईं।
राज्यपाल ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आज आवश्यक है, लेकिन इसका उपयोग उतना ही होना चाहिए, जितना मानव समाज के हित में जरूरी है। उन्होंने परमाणु ऊर्जा , जलवायु परिवर्तन और माइक्रो प्लास्टिक को दुनिया के सामने बड़ी चुनौतियां बताते हुए कहा कि 21वीं सदी में विकास के साथ उसके दूसरे पहलुओं पर भी ध्यान देते हुए सतत विकास को प्राथमिकता देनी होगी।
उन्होंने विद्यार्थियों को भगवद्गीता के कर्मयोग का संदेश देते हुए अपने कर्म, पढ़ाई और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ज्ञान कोई नहीं छीन सकता और विद्यार्थियों को अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर सही दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
श्री डेका ने कहा कि विज्ञान, तकनीक और नवाचार का उद्देश्य मानव जीवन को बेहतर बनाना होना चाहिए। छत्तीसगढ़ को एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाने चाहिए। विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने में समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन का रोडमैप तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने, नशे से दूर रहने तथा मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के सदस्य एवं रक्षा वैज्ञानिक डॉ. वी. सतीश रेड्डी और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रोफेसर आर.पी. कौशिक ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। कुलपति प्रोफेसर डॉ. शिव दयाल पांडे ने स्वागत भाषण के साथ विश्वविद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित