कोच्चि , जुलाई 21 -- ब्रिटेन की प्रमुख विमानन एवं एयरोस्पेस समाचार एवं डेटा एजेंसी 'फ्लाइटग्लोबल' ने एयर इंडिया को 'एयरलाइन स्ट्रैटेजी अवॉर्ड फॉर डिजिटल लीडरशिप' से सम्मानित किया है। यह सम्मान टाटा समूह में वापसी के बाद से एयर इंडिया के किये गये डिजिटल बदलावों की गति और बड़े पैमाने को देखते हुए दिया गया है।

एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन और मुख्य डिजिटल एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी सत्य रामास्वामी ने प्रबंधन परामर्श फर्म 'कॉर्न फेरी' के सहयोग से फ्लाइटग्लोबल के लंदन में आयोजित एक कार्यक्रम में यह पुरस्कार प्राप्त किया।

एयरलाइन स्ट्रैटेजी अवॉर्ड्स चुनिंदा श्रेणियों में एयरलाइन नेतृत्व और उत्कृष्टता को मान्यता देने वाले प्रमुख वार्षिक सम्मानों में से हैं। प्राप्तकर्ताओं का चयन उद्योग विश्लेषकों, सलाहकारों और पूर्व एयरलाइन सीईओ वाले डोमेन विशेषज्ञों का स्वतंत्र पैनल करता है। एयर इंडिया इस वर्ष डिजिटल लीडरशिप पुरस्कार प्राप्त करने वाली एकमात्र कंपनी है, जबकि यूनाइटेड एयरलाइंस और रयानएयर ने पिछले वर्षों में इस पुरस्कार को जीता है।

यह सम्मान वर्ष 2022 में टाटा समूह द्वारा एयर इंडिया के अधिग्रहण के बाद कंपनी में हुए प्रौद्योगिकी-आधारित बदलाव को मान्यता देता है। एयर इंडिया ने ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने, कर्मचारियों को सशक्त बनाने और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए आधुनिक डिजिटल तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित समाधानों को व्यापक रूप से अपनाया है।

श्री विल्सन ने कहा, "फ्लाइटग्लोबल से डिजिटल लीडरशिप के लिए प्रतिष्ठित एयरलाइन स्ट्रैटेजी अवॉर्ड प्राप्त कर हम सम्मानित महसूस कर रहे हैं। यह मान्यता टाटा समूह में वापसी के बाद से एयर इंडिया की ओर से की गयी प्रगति का प्रमाण है और हमारी परिवर्तन यात्रा को आगे बढ़ाने वाले एयर इंडिया के कर्मचारियों की प्रतिबद्धता को दोहराती है।"उन्होंने कहा कि एयरलाइन की डिजिटल पहल ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने, कर्मचारियों को सशक्त बनाने और परिचालन उत्कृष्टता को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, जबकि एक विश्व स्तरीय वैश्विक एयरलाइन बनने की एयर इंडिया की आकांक्षा में तकनीक प्रमुख आधार बनी रहेगी।

श्री रामास्वामी ने कहा कि टाटा समूह में वापसी के बाद केवल कुछ प्रणालियों के साथ शुरुआत करने के बाद एयर इंडिया ने 140 से अधिक प्रणालियों को शामिल करते हुए एक व्यापक डिजिटल नेटवर्क तैयार किया है। उन्होंने कहा कि एआई सहित डिजिटल तकनीकें एयरलाइंस के लिए महत्वपूर्ण परिचालन आधार बन गयी हैं और ग्राहकों के अनुभवों को बढ़ाने एवं उच्च परिचालन प्रदर्शन सुनिश्चित करने में निर्णायक हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित