वाराणसी , नवंबर 10 -- डाला छठ और देव दीपावली पर्व को देखते हुए वाराणसी नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को निगम सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें प्रमुख घाटों, कुंडों और तालाबों की व्यवस्थाओं के साथ विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
महापौर ने सभी जोनल अधिकारियों को अपने क्षेत्रों का नोडल अधिकारी बनाते हुए नमो घाट से सामने घाट, रामनगर, वरुणा नदी के पक्के घाटों तथा शहर के कुंडों और तालाबों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त चेंजिंग रूम, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और दलदली स्थानों पर बालू भरी बोरियां रखने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। टूट-फूट, मलबे और गंदगी को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को नियमित भ्रमण और निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। घाटों पर आवारा पशुओं को पकड़कर जुर्माना लगाने तथा नाव और पैदल गश्त के जरिए सफाई व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में सोनिया और ककरमत्ता तालाब, जेपी मेहता एथलीट प्ले ग्राउंड तथा पद्म पुरस्कार विजेताओं की गलियों का सौंदर्यीकरण 15 दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। धीमी प्रगति पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित