शिवहर , मई 30 -- िहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक कुमार के मार्गदर्शन में जिला अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) सचिव ललन कुमार रजक ने शनिवार को मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। कारा प्रशासन द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार मंडल कारा में वर्तमान में कुल 284 बंदी हैं, जिनमें 276 पुरुष एवं 8 महिला बंदी शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान डालसा सचिव ने विभिन्न बैरकों का भ्रमण कर बंदियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
श्री रजक ने बंदियों को आश्वस्त किया कि जिनके पास निजी अधिवक्ता नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से निःशुल्क पैनल अधिवक्ताओं के माध्यम से कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी बंदी को विधिक सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि सजायाफ्ता बंदियों की अपील संबंधित न्यायालय अथवा उच्च न्यायालय में समय पर दाखिल कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कारा अधीक्षक को जेल परिसर में स्वच्छता, बंदियों के स्वास्थ्य, शुद्ध पेयजल एवं मानक के अनुरूप भोजन व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मंडल कारा अधीक्षक, जेल के अन्य पदाधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी उपस्थित थे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा कारा में मानवीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित