हरिद्वार , मई 12 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के भगवान क्षेत्र में डायल-112 पर ढाई लाख रुपये और वाहन लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला सामने आया है। पुलिस की त्वरित जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पूरा मामला आपसी पैसों के लेन-देन का निकला।

पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) धारा 172 के तहत कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, 11 मई को सलीम पुत्र अलीहसन निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी, जिला सहारनपुर ने डायल-112 पर सूचना दी कि ग्राम खेड़ी शिकोहपुर के पास कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी और उसमें रखे करीब 2.5 लाख रुपये जबरन छीन लिए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली भगवानपुर पुलिस सक्रिय हुई और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान नबीर पुत्र जमील, शौकिन पुत्र बाबू निवासी मानक मजरा तथा साहिब पुत्र आलीम निवासी डाडाजलालपुर द्वारा वाहन को अपने साथ ले जाना सामने आया। तीनों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जहां पूरे मामले का खुलासा हुआ।

पूछताछ में पता चला कि मामला लूट का नहीं बल्कि आपसी पैसों के लेन-देन का था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता ने योजनाबद्ध तरीके से झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया था।

मामले में पुलिस ने सलीम, नौशाद, नबीर, शौकिन और साहिब के खिलाफ धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित