नयी दिल्ली , जुलाई 14 -- संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहली तिमाही में अब तक का सर्वाधिक 4,008.95 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल करने पर डाक विभाग के कर्मियों को बधाई दी है।
श्री सिंधिया ने मंगलवार को यहां डाक विभाग की तिमाही व्यवसाय समीक्षा बैठक में कहा कि यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 22.2 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि है तथा इंडिया पोस्ट के इतिहास में पहली बार पहली तिमाही का कारोबार 4,000 करोड़ रुपये के पार पहुंचा है। उन्होंने कहा है कि यह डाक विभाग के आधुनिक, नागरिक-केंद्रित संगठन के रूप में परिवर्तन का ऐतिहासिक पड़ाव है।
बैठक में डाक निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों तथा देश के सभी 23 पोस्टल सर्किल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने भाग लिया। बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की गयी तथा आगामी तिमाहियों के लिए विभाग की रणनीतिक कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह सफलता देशभर के डाक कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण और नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। बैठक के दौरान विभाग के छह प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने सभी क्षेत्रों में दर्ज मजबूत प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने बताया कि पार्सल सेवाओं में 49.9 प्रतिशत, मेल सेवाओं में 41.9 प्रतिशत, अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय में 34.3 प्रतिशत, तथा नागरिक-केंद्रित सेवाओं में 85.7 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि दर्ज की गयी। इसके अलावा पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 20.1 प्रतिशत तथा पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक में 9.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन इंडिया पोस्ट के विविध व्यावसायिक पोर्टफोलियो की बढ़ती मजबूती और देशभर में सुलभ, विश्वसनीय एवं नागरिक-केंद्रित सेवाएं उपलब्ध कराने की क्षमता को दर्शाता है।
श्री सिंधिया ने आगामी तिमाहियों के लिए विभाग की तीन प्रमुख रणनीतिक प्राथमिकताओं की घोषणा की। इनमें लॉजिस्टिक्स एवं अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय को सशक्त बनाना, एमएसएमई, 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' पर्यटन और कृषि क्षेत्रों के माध्यम से नये व्यावसायिक अवसरों का विस्तार करना, तथा नागरिक-केंद्रित सेवाओं, वित्तीय समावेशन, बीमा एवं ग्रामीण लॉजिस्टिक्स को और मजबूत बनाना शामिल हैं। इन लक्ष्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उन्होंने देश के 23 डाक परिमंडलों को तीन क्लस्टरों में विभाजित कर प्रत्येक क्लस्टर को एक-एक रणनीतिक क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपने का प्रस्ताव रखा, ताकि सहयोग, नवाचार और श्रेष्ठ अनुभवों के आदान-प्रदान के माध्यम से बेहतर परिणाम प्राप्त किये जा सकें।
केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि स्पष्ट रणनीति, समन्वित प्रयास और डाक परिवार के समर्पण के बल पर इंडिया पोस्ट आने वाले समय में और भी नये कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि 'डाक सेवा, जन सेवा' का मूल मंत्र इंडिया पोस्ट के प्रत्येक प्रयास का मार्गदर्शन करता रहेगा।
श्री सिंधिया ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही का यह रिकॉर्ड प्रदर्शन केवल वित्तीय उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह करोड़ों नागरिकों के इंडिया पोस्ट पर अटूट विश्वास का प्रतीक है। हमारा लक्ष्य इंडिया पोस्ट को विश्व स्तरीय, तकनीक-संचालित और नागरिक-प्रथम संगठन के रूप में स्थापित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित