उत्तरकाशी , अक्टूबर, 12 -- भारतीय डाक विभाग के तत्वावधान में सोमवार को बाल शिक्षा सदन स्कूल बड़कोट में दीनदयाल स्पर्श योजना के अंतर्गत प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय के चयनित सात छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में डाक विभाग, डाक टिकट संग्रह (फिलेटली) तथा भारतीय संस्कृति और इतिहास के प्रति रुचि विकसित करना है। इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को डाक टिकट संग्रह के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही उनके ज्ञान, रचनात्मकता और बौद्धिक क्षमता को विकसित करने का अवसर प्रदान किया जाता है।

प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र अनिक शाह, कृष, नैतिक टम्टा, स्वीकृति, तनिक, सृष्टि और अदिति ने प्रतिभाग किया। सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता डाक विभाग के डाक अधीक्षक कार्यालय से पहुंचे डाक अधीदर्शक सुशील उनियाल और पोस्ट असिस्टेंट युद्धवीर राठी की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों को डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं और शैक्षिक गतिविधियों के महत्व की जानकारी भी दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित