सिरसा , अक्टूबर 18 -- हरियाणा के अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के तत्वावधान में नवरात्र के पावन अवसर पर डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
समारोह में शहरवासियों ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया और डांडिया व गरबा की थाप पर जमकर मस्ती की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन और माता दुर्गा की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर तथा महाआरती के साथ किया गया। मुख्य अतिथि मनीष सिंगला ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में ऐसे कार्यक्रम लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह में रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों में सजे युवा, महिलाएं और बच्चे गुजराती व बॉलीवुड गीतों पर डांडिया और गरबा करते नजर आए। पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव और उल्लास का माहौल रहा। कार्यक्रम के दौरान सर्वश्रेष्ठ पोशाक और सर्वश्रेष्ठ डांडिया नृत्य करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित