छिंदवाड़ा , सितम्बर 24 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के देहात थाना क्षेत्र के ग्राम गांगीवाड़ा से एक साथ लापता हुईं पांच नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर धार जिले के पीथमपुर से ढूंढ निकाला।
पुलिस के अनुसार पांचों बालिकाएं आपस में सहेलियां हैं और परिजनों की डांट से नाराज होकर बिना बताए एक साथ घर से निकल गई थीं। बालिकाओं के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने देहात थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला पांच नाबालिगों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाईं।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को बालिकाओं के परिजनों ने देहात थाने पहुंचकर उनके लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने पांच अलग-अलग गुमशुदगी के प्रकरण दर्ज किए और मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। देहात थाना प्रभारी जीएस राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल बालिकाओं की तलाश शुरू की।
पुलिस ने सबसे पहले बालिकाओं के घर पहुंचकर परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा उनके आने-जाने वाले संभावित रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। पुलिस ने बालिकाओं के मोबाइल फोन से संबंधित तकनीकी जानकारी जुटाकर उनकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया।
सं उप्रेतीवार्ताजांच के दौरान पुलिस को एक नाबालिग के मोबाइल की लोकेशन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को बालिकाओं के पीथमपुर क्षेत्र में होने का पता चला। इसके बाद देहात थाने की टीम तत्काल पीथमपुर के लिए रवाना हुई।
पुलिस ने पीथमपुर सेक्टर-3 क्षेत्र में तलाश शुरू की। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने और तकनीकी लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने पांचों नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद उन्हें छिंदवाड़ा लाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित