लंदन , सितंबर 19 -- इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्राइडन कार्स के खिलाफ मुकदमा नहीं चलेगा। डर्बीशायर पुलिस ने पिछले महीने हुई कथित मारपीट के मामले में अपनी जांच बंद कर दी है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कार्स के हाथों में हथकड़ी लगी हुई थी। पुलिस अधिकारियों को 23 अगस्त की सुबह डर्बी के वार्डविक इलाके में मौजूद मॉली मैलोनस में बुलाया गया था। कार्स को नशे में होने और हंगामा करने के शक में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें बिना किसी चार्ज के रिहा कर दिया गया।
जांच के बाद पता चला कि कथित पीड़ित इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहता था। इसलिए पुलिस ने आगे कोई कार्रवाई नहीं की।
शुक्रवार को जारी पुलिस के बयान में कहा गया, "डर्बी शहर के सेंटर में हुई कथित मारपीट की रिपोर्ट की जांच अब बंद कर दी गई है। अधिकारी रविवार, 23 अगस्त की सुबह डर्बी के वार्डविक इलाके में मौजूद मॉली मैलोनस पहुंचे थे। एक व्यक्ति को नशे में होने और हंगामा करने के शक़ में गिरफ़्तार किया गया था। अधिकारियों ने उसकी जानकारी दर्ज करने के बाद उसे बिना किसी चार्ज के रिहा कर दिया।"पुलिस की जांच पूरी होने के बाद अब कार्स के खिलाफ क्रिकेट रेगुलेटर की ओर से जांच की जाएगी। जब यह घटना हुई, तब कार्स डरहम के लिए खेल रहे थे। हालांकि, वह पाकिस्तान के ख़िलाफ़ पहले दो टेस्ट मैचों के लिए इंग्लैंड की टीम का हिस्सा थे। कार्स के पास केन्द्रीय अनुबंध भी है, जो अगले साल 30 सितंबर 2027 को खत्म होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित