भीलवाड़ा , जनवरी 30 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के करेड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 148 पर शुक्रवार को एक बजरी डंपर की चपेट में आने से तीन गायों की मौत होने और दो अन्य गायों के घायल होने से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया।

हादसे से नाराज ग्रामीणों ने शिवपुरी चौकी क्षेत्र के कीड़ीमाल चौराहे पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध कर दिया। गायों के मरने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बजरी डंपर काफी तेज रफ्तार में था, जिसके कारण सड़क पर मौजूद गायें उसकी चपेट में आ गयीं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर यातायात सुचारु करवाया।

ग्रामीणों ने बजरी डंपरों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने, दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और मृत गायों के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित