भरतपुर , अप्रैल 29 -- राजस्थान में डीग के मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा के दौरान एक डमी परीक्षार्थी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा पुलिस के हवाले किये गए आरोपी युवक कपिल जाट पर अपने भाई गांव पास्ता निवासी कल्याण जाट के स्थान पर महाविद्यालय में स्वयं-पाठी विद्यार्थियों की कौशल विकास अभिवर्धन परीक्षा में डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा देने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि परीक्षा में जांच के दौरान आरोपी कपिल ने ओएमआर शीट पर कल्याण के नाम से हस्ताक्षर किए जबकि उपस्थिति पत्रक में उसने अपने नाम कपिल के हस्ताक्षर कर दिए। अलग-अलग हस्ताक्षर मिलने पर महाविद्यालय के आंतरिक उड़ान दस्ते को संदेह हुआ। टीम ने ओएमआर शीट और उपस्थिति पत्रक का मिलान किया, जिसमें गड़बड़ी सामने आई। आरोपी ने कल्याण के आधार कार्ड में फोटो एडिट करके अपना फोटो लगाकर प्रवेश किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित