पर्थ , अक्टूबर 31 -- बेथ मूनी (नाबाद 58) और सोफी डिवाइन (नाबाद 47) के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर पर्थ स्कॉर्चर्स ने शनिवार का मेलबर्न रेनेगेड्स् को नौ विकट से हराकर महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। शनिवार रात पर्थ के वाका ग्राउंड पर, रेनेगेड्स एक समय 20 रन पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, लेकिन टीम ने वापसी करते हुए छह विकेट पर 136 रन बनाए। हालांकि, यह स्कोर स्कॉर्चर्स को जीत से रोकने के लिए काफी नहीं था, जिन्होंने 39 गेंदें शेष रहते ही आसानी से जीत हासिल कर ली। पर्थ स्कॉर्चर्स के गेंदबाजी आक्रमण के आगे रेनेगेड्स का टॉप-ऑर्डर बुरी तरह लड़खड़ा गया और टीम ने 14 गेंदों के भीतर ही पांच रन पर चार विकेट खो दिए। स्कॉर्चर्स के लिए तेज गेंदबाज क्लो एन्सवर्थ (22 रन देकर 2 विकेट) और पाकिस्तान की ऑलराउंडर फातिमा सना (27 रन देकर 2 विकेट) ने पावरप्ले में शानदार गेंदबाजी की। फातिमा सना ने अपने डब्ल्यूबीबीएल डेब्यू में ही सबको प्रभावित किया।
वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज (7), ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिनक्स (1) और कर्टनी वेब (6) आठ गेंदों के अंतराल में ही आउट हो गईं। इसके बाद लेग स्पिनर अलाना किंग ने अपनी पहली ही गेंद पर टेस फ्लिंटॉफ (2) को पवेलियन भेज दिया। जॉर्जिया वेयरहम (62) और विकेटकीपर निकोल फाल्टम (48) ने टीम को बड़ी शर्मिंदगी से बचाया। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी की, जो इस क्लब के लिए एक रिकॉर्ड है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित