चंडीगढ़ , जून 20 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब को मजबूत और समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा डबल इंजन सरकार के माध्यम से राज्य में तेज गति से विकास संभव है।

उन्होंने पंजाब के गुरदासपुर जिले के श्री हरगोबिंदपुर से आए नामदेव समाज के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के कई युवा रोजगार की तलाश में अवैध "डंकी रूट" का सहारा लेने को मजबूर हैं, जबकि हरियाणा ने विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए समर्पित विदेश सहयोग विभाग स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि विभाग के पास विदेश रोजगार के लिए 5,500 से अधिक आवेदन जांच के अधीन हैं और युवाओं को केवल हवाई यात्रा का खर्च वहन करना पड़ता है।

उन्होंने सिखों के छठे गुरु गुरु हरगोबिंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को न्याय, साहस और कमजोर वर्गों की रक्षा की प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने पंजाब के विकास पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विभिन्न सरकारें जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकीं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता विकास और सुशासन के लिए नए विकल्प की ओर देख रही है।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,100 रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना के अंतर्गत 3,200 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि पंजाब में भाजपा सरकार बनती है तो किसानों की फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद सुनिश्चित की जाएगी, फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाएगा, उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जाएगा तथा रोजगार सृजन और विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उनके संवाद और सहयोग की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित