दतिया/भोपाल , जुलाई 24 -- केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार में विकास और प्रगति की आंधी आई है, जबकि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में विकास के बजाय परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा दिया।
भाजपा की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार श्री सिंधिया ने शुक्रवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में बड़ौनी, जिगना, निचरोली, चकरासागर और गोविंद नगर में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार ने विकास के अनेक कार्य किए हैं। कांग्रेस जिन कार्यों को वर्षों में पूरा नहीं कर सकी, उन्हें भाजपा सरकारों ने कम समय में पूरा कर दिखाया है।
श्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान विश्व स्तर पर बढ़ा है तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की भूमिका मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और अन्य सभी वर्गों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दतिया को मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, एयर कनेक्टिविटी तथा अन्य विकास परियोजनाओं की सौगात मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में क्षेत्र के विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई, जिसे अब फिर तेज किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान कर विकास की गति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय, कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह जाटव, विधायक प्रीतम लोधी, महेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक इमरती देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित