पांढुर्णा , अक्टूबर 18 -- मध्यप्रदेश के पांढुर्णा में गुजरी बाजार स्थित विनय ज्वेलर्स में हुई डकैती का पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 45 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 2.20 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नौ और दस अक्टूबर की दरमियानी रात रामधक्का रोड स्थित दुकान में घुसे बदमाशों ने संचालक राजेश खरवड़े पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था और लाखों रुपये के जेवर लूटकर फरार हो गए थे। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक विदिता डागर के निर्देशन में गठित टीमों ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों पर लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर जांच, मुखबिरों से मिली सूचनाओं और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
जांच में सामने आया कि पांढुर्णा के खापरखेड़ा निवासी ऋतिक सूर्यवंशी ने बैतूल जिले के कोलगांव क्षेत्र में रहने वाले अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती की साजिश रची थी। पुलिस ने ऋतिक के अलावा नितिन उर्फ बारीक, आशीष, पीयूष और गोविंद को वारदात में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। छठे आरोपी तरुण खाकरे को लूटे गए आभूषण खरीदने के आरोप में पकड़ा गया है। तरुण, आरोपी पीयूष का मौसा बताया गया है।
पुलिस ने सोने की अंगूठियां, लॉकेट, मंगलसूत्र, चेन, ब्रेसलेट सहित अन्य आभूषण बरामद किए हैं। जब्त दोपहिया वाहनों में एक वाहन पांढुर्णा रेलवे स्टेशन से चोरी किया गया था। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल टीम के प्रयासों की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित