भीलवाड़ा , जनवरी 14 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के करेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को अवैध हथियारों के साथ डकैती की योजना बनाते गिरोह के मुखिया सहित सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिला विशेष दल (डीएसटी) से मिली सूचना के आधार पर करेड़ा थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो को रुकवाकर तलाशी ली गई। वाहन में सवार सभी व्यक्ति संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के पाए गए। तलाशी के दौरान आरोपी प्रभु सिंह के पास एक लोडेड पिस्तौल मिली, जिसकी मैगजीन में तीन जिंदा कारतूस थे, जबकि एक कारतूस उसकी पेंट की जेब से बरामद हुआ। वहीं मोनू उर्फ राजेन्द्र वैष्णव के पास से भी एक लोडेड पिस्तौल बरामद हुई जिसकी मैगजीन में चार जिंदा कारतूस भरे हुए थे। अन्य आरोपियों के पास हथियार रख मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर लूट की योजना बनाकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इस पर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि इनमें गोपाल गिरोह का मुखिया है। अभिषेक सिंह को छोड़कर सभी बदमाशों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गोपाल गुर्जर, प्रभु सिंह उर्फ प्रभु चौहान और नारूलाल कुख्यात अपराधी हैं। वहीं प्रभु सिंह चित्तौड़गढ़ जिले के सदर थाना क्षेत्र में लूट के एक मामले में पहले से वांछित था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित