पटना , जून 10 -- बिहार में पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के ब्रम्हचारनी कंस्ट्रक्शन क्लस्टर-17बी में 05 जून को हुई डकैती के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी),पटना भानुप्रताप सिंह ने बुधवार को बताया किघटना की सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दानापुर-02 (बिहटा) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार को डकैती की घटना में सीधे तौर पर शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल , एक देशी कट्टा, सात कारतूस, 20 हजार रुपये नकद, सात मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक वाहन बरामद किया गया है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना को अंजाम देने में दो अन्य व्यक्तियों ने लाइनर की भूमिका निभाई थी। दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस तरह मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित