मुरैना , सितंबर 16 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक अनियंत्रित कार डंपर में पीछे से जा घुसी, जिससे चालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कार आगरा से ग्वालियर की ओर जा रही थी। हाइवे स्थित ओवरब्रिज के समीप अचानक अनियंत्रित होकर कार डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसे में चालक सहित कार सवार चार लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल मुरैना के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चारों को ग्वालियर रेफर किया गया।
पुलिस ने घायलों की पहचान के लिए कार की तलाशी ली तो उसके अंदर पिस्टल, कटारी, रेती सहित कुछ नगदी मिली। पुलिस के अनुसार कार भोपाल नंबर की हुंडई आई-20 है, जिसका पंजीयन क्रमांक एमपी 04 डब्ल्यूसी 1570 बताया गया है। कार में हथियार मिलने के बाद पुलिस पार्टी घायलों से पूछताछ के लिए ग्वालियर रवाना हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित