अलवर , जुलाई 18 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के मांढण थाना क्षेत्र में पुलिस ने डंपर चालक के अपहरण और बेरहमी से मारपीट के मामले में कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार करके दो नाबालिगों को निरुद्ध किया है।
पुलिस ने बताया कि घनश्याम राजपूत गत 29 जून की रात डंपर लेकर जा रहा था। रास्ते में बोलेरो सवार करीब 10 लोगों ने उसका वाहन रुकवाया और डंडों एवं लोहे की छड़ों से हमला कर दिया। बदमाश उसे जबरन बोलेरो में डालकर बसई भोपाल ले गये, जहां रास्ते भर उसके साथ मारपीट की गई। बाद में उसे मरा हुआ समझकर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गये।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके आरोपियों की पहचान की और 17 जुलाई को कान्हावास बैरियर के पास से चार आरोपियों काे हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में इन्द्रकुमार (25), रोहित उर्फ बाबा (20), लोकेश उर्फ लक्की (20) और विकास सिंह (22) शामिल हैं जबकि दो बालकों को निरुद्ध किया गया है। इससे पहले पुलिस ने आनंद सिंह (34), सन्नी (21) को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो भी जब्त कर ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित