बैतूल , फरवरी 18 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिला के सारणी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयलांचल पाथाखेड़ा में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। कालीमाई और राजीव चौक तिगड्डा के बीच तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शोभापुर की क्लब कॉलोनी निवासी रवि उर्फ चंदन बिहारे (40) सोमवार रात लगभग 10:30 से 11 बजे के बीच अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सारणी पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

मृतक चंदन बिहारे डब्ल्यूसीएल के जीएम ऑफिस में पर्सनल विभाग में लिपिक पद पर कार्यरत थे। वे एचएमएस संगठन की जीएम ऑफिस शाखा के अध्यक्ष भी थे और कर्मचारियों के बीच सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके मिलनसार एवं सहयोगी स्वभाव के कारण वे सहकर्मियों और क्षेत्र के लोगों में लोकप्रिय थे। उनके निधन की खबर से पाथाखेड़ा, शोभापुर और डब्ल्यूसीएल कर्मचारियों में शोक की लहर व्याप्त है।

परिजनों के अनुसार चंदन बिहारे का वैवाहिक जीवन समाप्त हो चुका था और उनका पत्नी से तलाक हो गया था। उनकी कोई संतान नहीं थी। वे शोभापुर की क्लब कॉलोनी में अपनी मां और बहन के साथ रहते थे तथा परिवार की जिम्मेदारी निभा रहे थे। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर गहरा आघात पहुंचा है।

मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम घोड़ाडोंगरी अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक रूप से तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित