बैतूल , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में छतरपुर कोल माइंस के पास पाथाखेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र में एक डंपर की टक्कर से दूसरे डंपर के चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के सागवाड़िया निवासी अग्निवेश (30) के रूप में हुई है। वह मीनाक्षी ट्रांसपोर्ट में डंपर चालक के रूप में कार्यरत था। मृतक के साथी किरण मीणा ने बताया कि मंगलवार को अग्निवेश होटल में खाना खाने के बाद अपना पर्स लेने के लिए डंपर के पास जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक अन्य डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल डंपर का पंजीयन क्रमांक एमपी 04 एचई 4862 है। सारणी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाथाखेड़ा पुलिस चौकी में मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और फरार चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक के परिवार में दो छोटे बच्चे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित