सिवनी , मई 10 -- मध्यप्रदेश में सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में डंपर और पिकअप वाहन की टक्कर में एक युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घंसौर क्षेत्र के गोरखपुर गांव में शनिवार दोपहर डंपर और पिकअप वाहन की टक्कर हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जबलपुर-घंसौर-मंडला-लखनादौन मार्ग स्थित बाबूलाल गौर गौ माता चौक पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम बरेला में स्थापित झाबुआ पॉवर प्लांट की राख परिवहन कर रहे डंपर ने पिकअप वाहन को टक्कर मारी। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। प्रदर्शन कर रहे परिजन आरोपी चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे। आंदोलनकारियों ने मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए तथा हादसे में घायल लोगों को पांच-पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाइश देने का प्रयास किया। प्रशासन द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित