पटना , जून 17 -- हर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पटना नगर निगम द्वारा सभी अंचलों को हाथ ठेला क्रय के लिए विशेष वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। निगम प्रशासन ने प्रत्येक अंचल को पांच लाख रुपये की राशि आवंटित की है। इस प्रकार निगम के सभी अंचलों के लिए कुल 30 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है।गली-मोहल्लों की नियमित सफाई तथा अपशिष्ट के समयबद्ध निष्पादन में हाथ ठेला एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नए हाथ ठेलों की उपलब्धता से सफाई कर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा वार्ड स्तर पर कचरा संग्रहण व्यवस्था और अधिक सुचारु एवं प्रभावी बन सकेगी।
यह पहल ऐसे समय में की गई है जब शहर में मानसून का आगमन हो चुका है और जलजमाव तथा नालियों में कचरा जमा होने की समस्याओं की आशंका बढ़ जाती है। पर्याप्त संख्या में हाथ ठेला उपलब्ध होने से नालियों, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जमा कचरे को त्वरित रूप से हटाने में सहायता मिलेगी। इससे जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी तथा मानसून के दौरान उत्पन्न होने वाली स्वच्छता संबंधी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकेगा।
नगर निगम ने सभी अंचलों को निर्देश दिया है कि आवंटित राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के लिए शीघ्रतापूर्वक किया जाए तथा राशि के शत-प्रतिशत उपयोग के उपरांत उपयोगिता प्रमाण पत्र निगम मुख्यालय को समर्पित किया जाए। इससे योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
गौरतलब है कि इस आवंटन के साथ मानसून संबंधी तैयारियों के लिए सभी अंचलों को मुख्यालय से अभी तक करीब 4.5 करोड़ रुपये आवंटित किये जा चुके हैं।
पटना नगर निगम शहरवासियों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को मजबूत बनाने और मानसून के दौरान स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए निगम द्वारा निरंतर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित