अम्बिकापुर , मार्च 29 -- छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी , खण्ड अम्बिकापुर में भुगतान में कथित अनियमितताओं से परेशान एक ठेकेदार ने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।

इस संबंध में ठेकेदार ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विभागीय अधिकारियों पर आर्थिक एवं मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपों के बारे जिला अधिकारी ने स्पष्टीकरण मांगा गया है की बात कही है।

ठेकेदार रजनीकांत अग्रवाल ने बताया "जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए गए कार्य को लगभग एक वर्ष पूर्व ही पूर्ण कर लिया गया था, लेकिन अब तक विभाग की ओर से पूर्ण भुगतान नहीं किया गया है। विभाग भुगतान प्रक्रिया में जानबूझकर टाल-मटोल कर रहा है, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है और मानसिक रूप से भी वह काफी परेशान है।"ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि 65 लाख रुपये के कार्य के एवज में अब तक केवल 22 लाख रुपये का ही भुगतान किया गया है, जबकि शेष राशि लंबित है। ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि विभाग के कुछ अधिकारियों द्वारा भुगतान प्रक्रिया में अनियमितता बरती जा रही है तथा अग्रिम कमीशन की मांग भी की जाती है। कमीशन नहीं देने पर ठेकेदारों को प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने के भी आरोप लगाए गए हैं।

ठेकेदार ने चेतावनी दी है कि यदि उसकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह 30 मार्च को दोपहर एक बजे अम्बिकापुर स्थित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यालय के सामने आत्मदाह करेगा। उसने इस संभावित घटना के लिए विभाग को जिम्मेदार ठहराया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित