देहरादून , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून अंतर्गत कोतवाली प्रेमनगर क्षेत्र में बुधवार देर रात्रि कार सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर दो पहिया वाहन सवार एक ठेकेदार से रुपयों से भरा बैग लूट लिया। पीड़ित द्वारा 112 नंबर पर कॉल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पर भी बदमाशों ने गोलीबारी की, जिससे पुलिस निरीक्षक भी घायल हो गया।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जिसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई। जबकि उसके दो अन्य साथी जंगल में भाग गए। पुलिस ने लूटी गई धनराशि और अन्य सामान बरामद कर लिया है। मारा गया बदमाश उत्तर प्रदेश (यूपी) के शामली जिले का है। जिस पर यूपी और उत्तराखंड में लगभग 12 मामले दर्ज हैं।

गुरुवार दोपहर गढ़वाल जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आइजी) राजीव स्वरूप और देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रवेंद्र डोभाल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि मुठभेड़ में मारा गया बदमाश वर्ष 2014 में बालावाला में हुई डकैती के दौरान अंकित हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त था। घटना के बाद अभियुक्त के लगातार फरार चलने पर उस पर 50 हजार रू0 का इनाम घोषित किया गया था। बाद तीन साल बाद यूपी के मुजफ्फरनगर से उसकी गिरफ्तारी हुई थी।

उन्होंने बताया कि आज मारे जाने के बाद उसकी शिनाख्त अकरम पुत्र मासूम अली, निवासी ग्राम बूंटा, थाना गढी पुख्ता भवन, जिला शामली, यूपी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मृत बदमाश देहरादून न्यायालय में तारीख पर आया था। इसी दौरान रात को उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि मृतक बदमाश पर उत्तराखण्ड तथा यूपी में हत्या, लूट, डकैती व अन्य संगीन अपराधों के 01 दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत है। उन्होंने बताया कि लूट की घटना में फरार अन्य बदमाशों की धरपकड को पुलिस द्वारा सम्पूर्ण जनपद में सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

एसएसपी श्री डोभाल ने बीती रात्रि हुई मुठभेड़ से पहले बदमाशों द्वारा की गई आपराधिक घटना का हवाला देते हुए बताया कि थाना प्रेमनगर पर कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ अज्ञात बदमाशों द्वारा पौंधा रोड पर एक व्यक्ति को गोली मारकर उसके साथ लूट की घटना को अजांम दिया गया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रेम नगर नरेश राठौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो मौके पर घायल व्यक्ति देवराज मिला। जिसने बताया कि वह ठेकेदारी का कार्य करता है और गुजरात नम्बर की काले रंग की कार में सवार कुछ व्यक्तियों द्वारा अपने वाहन को उनकी स्कूटी के आगे लगाते हुए उन्हें गोली मारकर उनका बैग, लूट लिया गया है। जिसमें 02 लाख रुपए, 01 मोबाइल, पैसो के लेनदेन से सम्बन्धित एक डायरी व अन्य कागजात थे। पीड़ित ने बदमाशों के विश्रांति की ओर भागने की जानकारी दी। इस पर पुलिस द्वारा तत्काल घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देकर बदमाशों का पीछा किया गया। कुछ दूरी पर पुलिस टीम को जंगल मे काले रंग की गाड़ी जाती दिखाई दी। जिसका पीछा करने पर कार सवार बदमाश पुलिस टीम पर फायर करते हुए अपनी गाड़ी को छोड़कर जंगल की तरफ भाग गए। पुलिस के लगातार उनका पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर दोबारा फायर किया, जिसमें एक गोली प्रभारी निरीक्षक श्री राठौड़ को लग गई। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में किये गये जवाबी फायर में एक बदमाश को गोली लग गई तथा अन्य बदमाश अंधेरा का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गये। उन्होंने बताया कि मौके से घायल बदमाश के कब्जे से पुलिस को 01 देशी पिस्टल 01 देसी तमंचा व घटना में लूटा गया शत प्रतिशत माल बरामद हुआ।

श्री डोभाल ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा मुठभेड में घायल प्रभारी निरीक्षक, बदमाश तथा लूट की घटना में घायल पीड़ित व्यक्ति को तत्काल उपचार को प्राथमिक चिकित्सालय प्रेम नगर लाया गया। जहां से तीनों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान कोरोनेशन अस्पताल में घायल बदमाश की मृत्यु हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित