ग्वालियर , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित आदित्यपुरम में अज्ञात चोर एक ठेकेदार के घर से ढाई किलो सोने के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान सहित तीन करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आदित्यपुरम निवासी राजा भैया गुर्जर जमीन कारोबारी एवं ठेकेदार हैं। सोमवार शाम वह अपने परिवार के साथ गोहद स्थित कालिका मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए गए थे। घर की देखरेख के लिए एक चौकीदार परिसर में मौजूद था।
रात्रि में परिवार के घर लौटने पर ऊपरी मंजिल का दरवाजा खोलते ही अलमारियां खुली मिलीं और उनमें रखे आभूषणों के बॉक्स तथा नकदी गायब थी। घर का सामान बिखरा पड़ा था। यह दृश्य देखकर उनकी पत्नी बेहोश हो गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
करोड़ों रुपये की चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सैना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की सहायता से घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मकान की पहली मंजिल पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जबकि जिस ऊपरी मंजिल पर चोरी हुई वहां कैमरे नहीं लगे थे। पुलिस को अब तक चोरों का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित