हरिद्वार , मार्च 25 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में दहेज हत्या के एक सनसनीखेज मामले में थाना पथरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था लेकिन आखिरकार पुलिस के जाल में फंस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले साल 26 सितंबर को गुरनाम पुत्र चरन सिंह निवासी नसीरपुर कला, थाना पथरी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जसविंदर पुत्र अर्जुन निवासी नसीरपुर खुर्द समेत अन्य लोगों ने उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में थाना पथरी में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में थानाध्यक्ष पथरी ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश तेज कर दी। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने धनपुरा-दोगीवाला मार्ग से आज आरोपी जसविंदर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर, कांस्टेबल जयपाल और कांस्टेबल रविंद्र शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित