अलवर , जून 03 -- केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प में स्वस्थ खेत एवं स्वस्थ शरीर एक अहम घटक है और उनके मार्गदर्शन में एक जून से 'खेत बचाओ अभियान' की शुरुआत की गयी है, जो 30 जून तक चलेगा।

श्री ठाकुर बुधवार को राजस्थान में अलवर जिले के बगड़ राजपूत गांव में 'खेत बचाओ अभियान' की शुरुआत के अवसर पर सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खेत के स्वास्थ्य के साथ मनुष्य का स्वास्थ्य भी जुडा हुआ है। रासायनिक उर्वरकों के अधिक उपयोग से खेत बंजर हो रहे हैं और इन खेतों की उपज से मानव स्वास्थ्य भी खराब हो रहा है।

उन्होंने रासायनिक खाद के विकल्पों का उपयोग करने पर बल देते हुए कहा कि हमें परम्परागत खेती पद्धति पर लौटना होगा। इसके प्रति किसानों को जागरूक करने और रासायनिक उर्वरकों का वैज्ञानिक तरीके से धीरे-धीरे उपयोग कम करते हुए उसे बंद कर प्राकृतिक खेती करने की विधि से अवगत कराकर उन्हें प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने कृषि अधिकारियों से कहा कि यह अभियान किसान की आजीविका के आधार खेत और मनुष्य के स्वास्थ्य से सीधा जुडा हुआ है, अतः इस अभियान के माध्यम से किसान भाइयों को न केवल जागरूक करें, बल्कि वैज्ञानिक तरीके से रासायनिक खेती से परम्परागत खेती से जोडने का कार्य करायें। श्री ठाकुर ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करायें। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि जागरूक रहकर कृषि अधिकारियों से लगातार सम्पर्क रखते हुए परम्परागत खेती की ओर लौटने के साथ सहकृषि गतिविधियां यथा बागवानी, पशुपालन, एफपीओ आदि करें, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके और देश को अच्छे उत्पाद भी मिल सकें।

कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को समन्वित प्रयासों से पूरा किया जा सकता है। अतः सभी कृषि अधिकारी एवं किसान भाई समन्वित प्रयास करके परम्परागत खेती की ओर पुनः लौटे। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसान एवं पशुपालकों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई गयी हैं, जिसका लाभ समयबद्ध रूप से किसानों को कृषि अधिकारियों की सक्रियता एवं किसानों की जागरूकता से मिल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित