मुंबई , सितंबर 27 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने रविवार को घोषणा की है कि उनकी पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख (मनसे) राज ठाकरे के संयुक्त नेतृत्व में चार अक्टूबर को निकलने वाले विरोध मार्च में हिस्सा लेगी।

श्री राज ठाकरे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े मुद्दों को लेकर इस विरोध मार्च का आह्वान किया है और सभी राजनीतिक दलों से इसमें शामिल होने की अपील की है। इस प्रदर्शन का नेतृत्व संयुक्त रूप से ठाकरे भाइयों के करने की उम्मीद है।

पत्रकारों से बात करते हुए श्री पवार ने कहा कि इस मार्च में उनकी पार्टी का शामिल होना उचित है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से जुड़े मुद्दे भी उठाये जाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि 'महाराष्ट्र के ज्ञानेश कुमार' कहे जाने वाले व्यक्ति की पहचान तय करनी होगी।

यह प्रस्तावित मार्च मनसे प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के बीच हुई मुलाकात के बाद आया है, जिसमें चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन आयोजित करने पर चर्चा हुई थी। इसके बाद श्री राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये इस मार्च का एलान किया।

ठाकरे भाइयों ने सभी राजनीतिक दलों से इसमें भाग लेने की अपील करते हुए कहा है कि यह विरोध प्रदर्शन केवल किसी एक दल तक सीमित न रहकर पूरे राजनीतिक तंत्र और जनता की आवाज का प्रतिनिधित्व करे।

राकांपा (एसपी) के इस मार्च में शामिल होने की रोहित पवार की घोषणा ने चार अक्टूबर के प्रदर्शन में विपक्ष की व्यापक भागीदारी की संभावनाओं को और बढ़ा दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित