भोपाल , मई 23 -- मध्यप्रदेश में भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी एवं ट्विशा के पति समर्थ सिंह को अदालत ने सात दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरीवाला सिंह के पुत्र समर्थ को शुक्रवार को यहां जिला न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने पूछताछ के लिए समर्थ की हिरासत की मांग की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया और उसे सात दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
भोपाल जिला न्यायालय में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अनूदित गुप्ता की अदालत में अपराह्न करीब तीन बजे समर्थ को पेश किया गया। सुनवाई के दौरान ट्विशा के परिजन अपने अधिवक्ताओं के साथ न्यायालय में मौजूद थे। आरोपी समर्थ की पैरवी करने के लिए काफी संख्या में अधिवक्ता न्यायालय परिसर में उपस्थित रहे।
मामले की संवेदनशीलता के मद्देनजर न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए पुलिस आरोपी को सामान्य मार्ग से न्यायालय में पेश न करते हुए पीछे के द्वार लेकर आयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित