भोपाल , मई 29 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मृत्यु प्रकरण में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके पुत्र समर्थ सिंह को विशेष अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को पांच-पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया गया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार समर्थ सिंह पहले से सात दिन की सीबीआई रिमांड पर था। रिमांड अवधि समाप्त होने पर शुक्रवार को उसे दोबारा अदालत में पेश किया गया। सीबीआई ने दोनों आरोपियों की पांच दिन की रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। आरोपी पक्ष के अधिवक्ता ने भी रिमांड का विरोध नहीं किया।

सूत्रों के मुताबिक रिमांड अवधि के दौरान सीबीआई गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी समर्थ सिंह से यह भी पूछताछ करेगी कि फरारी के दौरान वह कहां रहा और किन लोगों के संपर्क में था।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार मामले की जांच में 'टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन' तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसके तहत ट्विशा शर्मा के अंतिम घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार किया जाएगा, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों को मिनट-दर-मिनट समझा जा सके। जांच एजेंसी का मानना है कि इस प्रक्रिया से मृत्यु से जुड़ी परिस्थितियों की पूरी तस्वीर स्पष्ट करने में सहायता मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित