हरिद्वार , मार्च 12 -- उत्तराखंड के हरिद्वार शहर में लगातार बढ़ रहे वाहनों और बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम को कम करने के लिए पुलिस ने नई पार्किंग व्यवस्था की दिशा में पहल शुरू की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव ने यातायात टीम के साथ शहर के प्रमुख क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रानीपुर मोड़, ज्वालापुर बाजार और शिवालिक नगर क्षेत्र का भ्रमण किया गया। इस दौरान बढ़ते वाहनों और पार्किंग की कमी को देखते हुए दोपहिया और चारपहिया छोटे वाहनों के लिए संभावित पार्किंग स्थलों का चिह्नीकरण किया गया, ताकि सड़क किनारे खड़े वाहनों से होने वाली जाम की समस्या को कम किया जा सके।

पुलिस अधीक्षक यातायात ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों से भी बातचीत की तथा पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव लिए। पुलिस का कहना है कि बाजार क्षेत्रों में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था होने से यातायात दबाव कम होगा और लोगों को आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी।

यातायात पुलिस के अनुसार शहर में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने और नागरिकों को बेहतर पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संभावित स्थानों का चयन किया जा रहा है। आने वाले समय में चिन्हित स्थलों पर पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित