अलवर , मार्च 27 -- राजस्थान में अलवर जिले के खेड़ली थाना क्षेत्र में गुरुवार रात ट्रैक्टर से गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि रात करीब 10 बजे एक बोरिंग मशीन लगे तेज रफ्तार ट्रैक्टर पथैना की ओर से खेड़ली की तरफ आ रहा था। ट्रैक्टर में चालक के साथ एक अन्य व्यक्ति गोपाल (36) बैठा था। जैसे ही ट्रैक्टर गांव खेड़ली रेल स्थित अंबेडकर भवन के पास बने स्पीड ब्रेकर पर पहुंचा, तेज गति के कारण गोपाल का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गया।
पुलिस ने बताया कि गिरते ही वह पीछे लगी बोरिंग मशीन के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोपाल को उप जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया हे और जांच में जुट गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित