बैतूल , अप्रैल 21 -- जिले की भैंसदेही पुलिस ने किसानों से ट्रैक्टर धोखाधड़ी कर महाराष्ट्र में बेचने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य अब भी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार 7 फरवरी 2026 को फरियादियों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि महाराष्ट्र के अंजनगांव निवासी नासिर खान किसानों को बहला-फुसलाकर ट्रैक्टर कुछ समय के लिए महाराष्ट्र में चलाने के नाम पर ले जाता था और बाद में उन्हें बेच देता था। यह वारदात एक संगठित गिरोह द्वारा अंजाम दी जा रही थी।

मामले में थाना भैंसदेही में अपराध क्रमांक 37/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और मध्यप्रदेश ऋणियों का संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए आरोपी नासिर खान को गिरफ्तार कर लिया। उसे भैंसदेही न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आयशर कंपनी के दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कार्रवाई में भैंसदेही थाना पुलिस और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित