, June 21 -- बेतिया, 21 जून (वार्ता बिहार में पश्चिम चम्पारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से करीब 480 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मल्दी गांव के सरेह में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में खड़ी थी, जिस पर खरपतवार लदा हुआ था। ग्रामीणों को संदेह होने पर कुछ युवकों ने ट्रॉली की जांच की। जांच के दौरान खरपतवार के नीचे छिपाकर रखे गए विदेशी शराब के कार्टन मिले। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच ग्रामीणों ने घटना की सूचना शिकारपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग फरार हो गए।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी के दौरान 55 कार्टन में रखी करीब 480 लीटर विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की। साथ ही शराब ढोने में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर थाना लाया गया।

शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बरामद शराब और वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मल्दी गांव निवासी बलिराम राम और असलम अंसारी को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जबकि तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से शराब निकालकर भागे लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित