भोपाल , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के परवलिया थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार हादसा गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे परवलिया रोड पर हुआ। रतनपुर कॉलोनी निवासी मनोज विश्वकर्मा (38) प्लंबिंग का कार्य करते थे और सुबह अपने काम पर जा रहे थे, तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर के बाद ट्रैक्टर कच्चे रास्ते से नीचे उतरकर खेत में पलट गया, जिससे चालक को भी चोट आई, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेजा गया है। बताया गया है कि मनोज विश्वकर्मा का विवाह वर्ष 2015 में हुआ था और उनके परिवार में एक पुत्र तथा एक पुत्री हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित